फोटो-30-बारा पुल में आवागमन प्रभावित होने से लगी भीड़।
- जिले को बांदा से जोड़ता है पुल, चार पटरे टूटने से आवागमन ठप
- कर्मचारियों का दावा- भारी वाहनों के निकलने से हो रहा क्षतिग्रस्त
- पीपा पुल से प्रतिदिन 1,500 की आबादी का करती है आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
जाफरगंज (फतेहपुर)। जिले के बारा और बांदा के गलौली को जोड़ने वाला यमुना नदी पर बना बारा-गलौली पीपे का पुल बुधवार को धंस जाने से आवागमन बाधित हो गया। गलौली की ओर से 10वें पीपे में रिसाव होने के कारण उसमें पानी भर गया। इससे पुल का हिस्सा धंस गया और चार पटरे भी टूट गए। इसके बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खजुहा विकास खंड स्थित यह पुल दो जिले के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। इससे प्रतिदिन 1,500 की आबादी आवागमन करती है। पुल के आसपास 30 गांव हैं और 45 हजार की आबादी रहती है। बुधवार शाम करीब चार बजे गलौली की ओर स्थित 10वें पीपे में पानी भरने के कारण पुल का हिस्सा नीचे बैठ गया। इस कारण चार पटरे टूट गए। पुल के कर्मचारी ने मरम्मत कार्य शुरू कराया लेकिन देर शाम तक यातायात बहाल नहीं हो सका।
सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। पुल बंद होने से लोगों को गंतव्य तक जाने के लिए लगभग 30 से 40 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ा। पुल के काम में जुटे कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार मना करने के बावजूद क्षमता से अधिक भार वाले ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य ओवरलोड वाहन पुल से गुजरते हैं।
इससे पीपों और पटरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके चलते पुल अक्सर क्षतिग्रस्त होता रहता है। ठेकेदार रवेंद्र सिंह ने बताया कि पीपे में रिसाव होने से उसमें पानी भर गया है। इसके कारण पुल का हिस्सा धंस गया और चार पटरे टूट गए। पंपिंग सेट की मदद से पीपे से पानी निकालने व मरम्मत कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही आवागमन बहाल कराया जाएगा।