बैंक से रुपये निकालने आए मनकुंवार गांव के एक किसान की सोमवार को थाने के सामने हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा है। मनकुंवार गांव के किसान शिवप्रताप सिंह (59) पुत्र जागेश्वर सोमवार सुबह खाद बीज लेने के लिए घर से पैदल ही मऊ के लिए निकले। रास्ते में बाइक चालक से लिफ्ट लेकर सुबह लगभग साढ़े नौ बजे कस्बे के बस स्टैंड के पास पहुंचे। उनका खाता जिला सहकारी बैंक में था।
बैंक खुलने में कुछ समय होने के कारण वे एक होटल के पास बैठ गए। इसी बीच अचानक वे बेहोश होकर गिर पड़े। बस स्टैंड के सामने ही थाना होने के कारण पुलिस तत्काल पहुंची और उन्हें सीएचसी लाई जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनकुंवार के प्रधान निशेंद्र प्रताप ने बताया कि हार्ट अटैक की आशंका डाक्टरों ने जताई है। थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी। शिवप्रताप के पुत्र बृजेंद्र उर्फ गुड्डू ने बताया कि पिता खाद व घरेलू खर्च के लिए रुपये निकालने को घर से आए थे।