चित्रकूट में यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर जिले के स्टेट बैंक सहित कई प्राइवेट बैंकों की दो दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई। बैंक के कर्मचारियों ने शहर के इलाहाबाद बैंक के सामने प्रदर्शन कर विरोध भी जताया। हड़ताल से 30 करोड़ से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ है। बैंकों की हड़ताल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
शुक्रवार को बैंकों की दो दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई। जिले के स्टेट बैंक सहित इलाहाबाद बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनाइटेड बैंक, सेंट्रल बैंक, विजया बैंक आदि बैंकों में ताला लगा रहा। इलाहाबाद बैंक स्टाफ एसोसिएशन के जिला मंत्री केशव रजक के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रमुख बैंक शाखा के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
सरकार विरोधी नारेबाजी की। इलाहाबाद बैंक के कर्मचारी केशव रचत ने बताया कि बैंकों की हड़ताल से 20 करोड़ के चेकों का क्लियरेंस नहीं हो सका। प्रधानमंत्री को भेज गए ज्ञापन में मांग की है कि वेतन में कम से कम 20 फीसदी की वृद्धि की जाए, बैंकों में 5 दिन का कार्य दिवस हो, एमपीएस को खत्म किया जाए।
परिवार को मिलने वाली पेंशन में सुधार हो। इस मौके पर स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, बर्नोदीप बोरो, तुलसी राम, सुनील प्रसाद, विजेंद्र, बृजलाल वर्मा, विजेंद्र कुमार, विशंभर नाथ, प्रभाव कुमार आदि शामिल रहे।