बंदरी और सिलखोरी गांव के बीच संपर्क मार्ग का निर्माण ठेकेदार ने रविवार से भारी सुरक्षा के बीच पुन: शुरू करा दिया। ठेकेदार ने गत शुक्रवार को दस्यु गैंग द्वारा मारपीट कर काम रोकने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
बंदरी और सिलखोरी गांव के बीच पीडब्ल्यूडी लगभग दो किमी लंबी सड़क बनवा रहा है। इसका ठेका शिवचंद्र त्रिपाठी ने लिया है। शुक्रवार दोपहर यहां हथियारबंद डकैतों ने जमकर उपद्रव मचाया था।
मजदूरों को खदेड़कर मुनीम संजय की बंदूकों की बटों से पिटाई की थी। घटना के समय ठेकेदार बाहर था। रविवार को ठेकेदार ने संपर्क मार्ग का काम दोबारा शुरू करा दिया। बताया कि इसमें चालीस मजदूरों को लगाया गया है। मौके पर ठेकेदार के एक दर्जन निजी सुरक्षा कर्मी और भरतकूप चौकी के सिपाही भी मौजूद रहे। रविवार को लगभग पांच मीटर सड़क बनी। शुरुआत में मजदूर सहमे थे लेकिन बाद में उन्होंने बिना किसी डर के काम किया।
ठेकेदार ने बताया कि सोमवार को वह एसपी से मिलेंगे और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराएंगे। उधर, एसओ आरबी सिंह ने बताया कि पूरा काम पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कराया जाएगा। किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है, उनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।