पुलिस की कवायद एक बार फिर फेल हुई। बंधा भीतर कोलान के जंगल में गुरुवार को हुई मुठभेड़ के बाद बलखड़िया अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। शुक्रवार को पूरे दिन एसपी पवन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम जंगलों की कांबिंग करती रही लेकिन गैंग का कुछ सुराग हाथ नहीं लगा। उधर मुठभेड़ में घायल हुए सिपाही को डाक्टरों ने रिफर करने की बात कही है।
गुरुवार दोपहर बंधा भीतर कोलान के जंगल में बलखड़िया गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। मारकुंडी थाने से बमुश्किल ढाई किमी दूर बलखड़िया गैंग का पुलिस से उस समय आमना सामना हुआ, जब एसओ श्रवण कुमार सिंह की अगुवाई में टीम वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास बदमाशों की टोह ले रही थी। इसी बीच गैंग के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो सिपाही और एक चालक घायल हो गया था। सिपाही पुष्पेंद्र सिंह के बाएं घुटने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक पुलिस टीम कुछ कर पाती गैंग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में ही कहीं भाग निकला।
शुक्रवार को एसपी की अगुवाई में बंधा भीतर कोलान के आसपास के जंगलों में और डोडा माफी के पास कांबिंग जारी रही। हालांकि पूरे दिन की कवायद के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। एसपी ने बताया कि कांबिंग की जा रही है। जंगलों में अलग-अलग टुकड़ियां भेजी गईं हैं। सतना एसपी से भी बात हुई है और एमपी-यूपी की सीमा पर थानों में अलर्ट कर दिया गया है। दावा किया कि जल्द ही गिरोह गिरफ्त में होगा। उधर जिला अस्पताल के चिकित्सक ने कहा कि सिपाही पुष्पेंद्र के घुटने का ऑपरेशन होगा। उसे दिल्ली रिफर किया जाएगा।