चित्रकूट/मानिकपुर। रानीपुर वन्यजीव विहार क्षेत्र से सटे गांव के आस पास दो दिनों से एक बाघ का लगातार बस्ती के पास हमला कर रहा है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है। 48 घंटे के अंदर बाघ ने चार मवेशियों का शिकार कर चुका है। देर रात बाघ ने मऊगुरदरी में एक मवेशी पर हमला कर दिया। ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। भीड़ को आता देख बाघ भाग निकला। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है।
मानिकपुर व मारकुंडी क्षेत्र के आस पास के गांव में इन दिनों एक बाघ का आतंक है। मऊगुरदरी गांव की तो बस्ती तक बाघ दो बार हमला कर चुका है। बस्ती के पास ही घरों के बाहर बंधे मवेशियों को अपना शिकार भी किया है। चमरौंहा के पयासीपुरवा में एक भैंस का शिकार किया। मऊ गुरदरी गांव में रामजी मिश्रा की भैंस, दादूराम यादव की बछिया और राजाराम मिश्र की भी एक भैंस का शिकार बाघ कर चुका है।
इस संबंध मे ंडीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिली है। क्षेत्रीय अधिकारियों से पूरी जानकारी कर बाघ को जंगल की ओर भगाया जाएगा और ग्रामीणों की सुरक्षा की जाएगी।