चित्रकूट। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में कार्ड से वंचित परिवारों के लिए यह अच्छी खबर है। इन्हें आयुष्मान कार्ड मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए वंचित लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिले में आयुष्मान कार्ड से वंचित 1 लाख 31 हजार से ज्यादा परिवारों के सदस्यों को कार्ड मुहैया कराने का लक्ष्य है। शासन से निर्देश के बाद सभी सीएचसी सहित गांवों में शिविर लगाकर कार्ड बनाए जाएंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा विभाग, सूचना विभाग को आयुष्मान कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शिविर की कार्य योजना सभी ब्लॉकों में भेजी जा चुकी है। ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी व चिकित्सा अधीक्षक इसके नोडल होंगे। गांव में ग्राम प्रधान इस विशेष अभियान के नोडल नामित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र 4,53,870 परिवारों में से 3,22,387 परिवारों के एक-एक सदस्य का कार्ड बनाया जा चुका है। शेष परिवारों के कुल 1,31,470 सदस्यों के कार्ड बनाए जाने हैं।
अभियान के दौरान साल 2011 की सूची में शामिल परिवार, अंत्योदय व गृहस्थी राशन कार्ड धारक शामिल होंगे। ऐसे परिवार जिनके सदस्यों की संख्या छह या छह से अधिक है। उनका डाटा पोर्टल या एप पर हो। 70 वर्ष व उससे अधिक के वरिष्ठ जनों को पात्रता श्रेणी के तहत आयुष्मान बनाए जाएंगे। इस कार्य में पंचायत सहायक, आशा संगिनी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगी।