चित्रकूट। आयुष मंत्रालय के गठन के पश्चात मोदी सरकार द्वारा मंत्रालय में पहली बार कैबिनेट मंत्री सर्वानंद सोनेवाल व राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र कालूभाई मुंजपारा को बनाया जाना सराहनीय एवं स्वागत योग्य कदम है। आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मदन गोपाल वाजपेयी ने यह जानकारी दी।
आयुष ग्राम ट्रस्ट पुरवा तरौंहा के डायरेक्टर डा. बाजपेयी ने बताया कि आयुष मेडिकल एसोसिएशन आयुष मंत्रालय से आयुष चिकित्सा की शिक्षा में व्यापक सुधार, तकनीकी प्रोन्नतियों का प्रयोग, चिकित्सा के क्षेत्र में नए अनुसंधानों को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस एवं कारगर कदम उठाने के लिए लगातार मांग करता रहा है। मंत्रालय ने इस दिशा में अब तक कुछ पहल अवश्य की है, परंतु यह अपर्याप्त है। अब इन कार्यों में गति देना आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सर्वानंद सोनेवाल और डॉ. महेंद्र भाई कालूभाई मुंजपारा अनुभवी एवं योग्य राजनेता हैं। जिनके नेतृत्व में आयुष चिकित्सा में आवश्यक सुधारों को निश्चित रूप से अपेक्षित गति मिलेगी और आयुष चिकित्सा देश की प्रमुख चिकित्सा पद्धति बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर होगी।