अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति मिलने से उच्च शिक्षा में प्रतिस्पर्धा करने का हौसला बढ़ा। यह बात हाईस्कूल की परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र सौरभ अग्रहरि ने कही। उसने बताया कि छात्रवृत्ति की मिली धनराशि से वह अभी से इंजीनियर बनने की कोचिंग शुरू कर रहा है। उधर राजापुर की आकांक्षा कसौंधन को इंटर में 68 प्रतिशत अंक मिले। उसने बताया कि छात्रवृत्ति की मिली धनराशि से वह कोचिंग कर रही हैं। दोनों छात्रों का मानना है कि छात्रवृत्ति मिलने से उसे आगे की पढ़ाई में मदद मिल रही है।
शहर के शंकर बाजार निवासी सौरभ अग्रहरि पुत्र रमेेश चंद्र और राजापुर की आकांक्षा कसौंधन पुत्री श्रीकांत को अमर उजाला फाउंडेशन की स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति की परीक्षा मेें पिछले वर्ष कामयाबी मिली थी। इस बार की यूपी बोर्ड की परीक्षा में जीडीएनडी डीएसएन इंटर कालेज के हाईस्कूल के छात्र सौरभ को विज्ञान वर्ग में 80 प्रतिशत और तुलसी इंटर कालेज राजापुर की इंटर की छात्रा आकांक्षा को विज्ञान वर्ग में 68 प्रतिशत अंक मिले।
बातचीत में सौरभ ने बताया कि वह अभी से इंजीनियर बनने के लिए पढ़ाई करने लगा है। इस कोर्स के लिए अमर उजाला से मिली छात्रवृत्ति की राशि से मदद मिली। आकांक्षा ने बताया कि छात्रवृत्ति मिलने उच्च शिक्षा के लिए स्वयं पर भरोसा बढ़ा है। वह शिक्षिका बनकर समाज में शिक्षा की अलख जगाना चाहती है।