बरगढ़ बाजार में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आटा चक्की की दुकान में आग लग गई। इसमें आटा चक्की समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में दुकानदार भी झुलस गया।
बरगढ़ बाजार निवासी रामभजन पुत्र शालिक राम केेशरवानी की आटा चक्की की दुकान है। यहीं वह गद्दे, और रजाई बनाने का काम भी करता है। बुधवार सवेरे लगभग 5 बजे उसकी दुकान में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना रामभजन को दी। आग बुझाने के दौरान वह झुलस गया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। रामभजन ने बताया कि हाई वोल्टेज की वजह से शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी है।
हादसे में आटा चक्की और सारा सामान जल गया। रामभजन ने एसडीएम मऊ राममूर्ति त्रिपाठी और एसओ संतशरण सिंह को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है। उधर जेई शैलेंद्र कुमार मौर्या ने कहा कि केबल में फाल्ट या अन्य किसी कारण से शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, वोल्टेज हाई नहीं था।