भौंरी (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र में एक अंग्रेजी शराब की दुकान पर लूटपाट और मारपीट हो गई। तीन आरोपियों ने सेल्समैन से 40 हजार रुपये छीन लिए और दुकान में तोड़फोड़ की। यह घटना 13 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे हुई।
विज्ञापन
इटवां निवासी सेल्समैन विमल कुमार ने बताया कि वह 13 नवंबर की रात दुकान पर था। अगरहुड़ा निवासी अनुराग सिंह, युवराज सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति दुकान के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने दुकान के दरवाजे की जाली पर लाठी-डंडे मारकर सिटकनी खोली और अंदर घुस गए। उन्होंने विमल कुमार के साथ मारपीट की और उसे दुकान से बाहर खींच लाए। इसके बाद उसकी जेब से 40 हजार रुपये छीन लिए गए।
आरोपियों ने दुकान में रखी 40 से 50 शराब की बोतलें भी तोड़ दीं। थानाध्यक्ष रामसिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। (संवाद)