चित्रकूट। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ गुरुवार को सांसद आरके सिंह पटेल और डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने मुख्यालय के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दिनों में सफाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया है। दिमागी बुखार पर नियंत्रण के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाएंगी।
सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि बारिश के दिनों में गांवों में तमाम बीमारियां फैलती हैं। बीमारियों पर रोकथाम के लिए सरकार ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया है। ग्राम प्रधानों से अपील किया कि जन जागरूकता की बैठक कर स्वच्छता को बढ़ावा दें। डीएम ने कहा कि कोई भी बुखार दिमागी बुखार हो सकता है। दिमागी बुखार जानलेवा हो जाता हैं। यह शारीरिक और मानसिक विकलांगता भी ला सकता हैं।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इसमें विभिन्न विभाग खासकर आशा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर दिमागी बुखार पर रोकथाम एवं चिह्नांकन का कार्य प्रभावी तरीके से करेेंगी। सांसद और डीएम ने वैक्सीनेशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत किया साथ ही दवाओं की किट भी प्रदान की।
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इम्तियाज, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश पहाड़िया, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरके चौरिहा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।