चोरों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी और तीन शातिर भागने में कामयाब रहे। वहीं पुलिस ने घेराबंदी कर तीन को पकड़ लिया। उनके पास से एक बंदूक, तमंचा, छूरा व कारतूस बरामद हुआ है।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के बरुआबांध के पास कुछ संदिग्ध लोगों के मौजूद होने की सूचना शुक्रवार शाम पुलिस को मिली थी। जानकारी होने पर चौकी प्रभारी श्याम सुंदर सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही बांध में छिपे युवकों ने पुलिसकर्मियों पर फायर झोंक दिया।
इधर पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई होने पर आरोपी भागने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर दिलदार पुत्र बाबूलाल यादव, पप्पू यादव पुत्र राजा भइया व वीरेंद्र पुत्र मोतीलाल श्रीवास निवासी भरथौल को दबोच लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से एक बंदूक, एक तमंचा, एक छूरा, आधा दर्जन कारतूस व चोरी के रिचार्ज कूपन बरामद हुए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि जंगली पुत्र चुनवाद, नत्थू पुत्र भादे व सत्तन पुत्र छोटे लाल लोध निवासी भरथौल फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि मुख्यालय के सिविल लाइंस में एक व्यापारी की दुकान में चोरी की थी। बरामद रिचार्ज कूपन वहीं के है।