चित्रकूट। जिले के परिषदीय विद्यालयों के 56 हजार 553 छात्रों के अभिभावकों के बैंक खाते में यूनिफार्म, स्वेटर जूता मोजा के लिए धनराशि भेजी जा चुकी है।
शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्र ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायतित माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा आठ तक के छात्र, छात्राओं को नि:शुल्क यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग, जूता, मोजा के क्रय के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खाते में भेजने के निर्देश हैं। जनपद में कुल नामांकित 1 लाख 56 हजार 994 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 56 हजार 553 के अभिभावकों के खातों में धनराशि प्रेषित कर दी गई है। इससे दो सेट यूनिफार्म 600 रुपये, स्वेटर 200 रुपये, स्कूल बैग 175 रुपये, एक जोड़ी जूता, दो जोड़ी मोजा 125 रुपये उच्च गुणवत्ता, मानक के अनुरूप खरीदा जाना है।