सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को जादूगर ने प्रमुख स्थानों पर जादू के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया। बाइक चलाने वालों को हेलमेट का महत्व समझाया। पैदल चलने वालों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
जिले में यातायात विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। ज्ञान भारती इंटर कालेज में आयोजित गोष्ठी में यातायात नियम बताए गए। जिसमें छात्रों ने यातायात से जुड़ी जानकारी दी। गुरुवार को मुख्यालय के प्रमुख चौराहों पर जादू के माध्यम से यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। ट्रैफिक चौराहे के पास जादूगर ने विभिन्न करतब दिखाकर लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। इसी माध्यम से सबको सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके भी बताए।
तमाम वाहन चालकों को बुलाकर जादूगर ने सवाल जवाब किया। ज्यादातर बाइक चालकों ने माना कि हेलमेट पहनने से दुर्घटना में घायल होने की संभावना कम रहती है और जीवन सुरक्षित रहता है। इस मौके पर यात्रीकर अधिकारी सुरेंद्र अग्रवाल, पायनियर्स क्लब के अध्यक्ष केशव शिवहरे, सरोज कुमार व आशीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।