चित्रकूट। कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक सोमवार को डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। प्रगति ठीक न मिलने पर डीएम ने सभी तहसीलदारों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
बैठक में माह जनवरी में जनपद की रैंकिंग बहुत कम प्राप्त होने पर डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बिंदुओं पर सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग प्रभावित हुई है, उन बिंदुओं पर इस माह में प्रगति कराए अन्यथा संबन्धित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिनकी बिन्दुओं पर रैंकिंग ठीक है, उसे यथावत बनाए रखें। जिन तालाबों पर जो अतिक्रमण किया गया है, उसे हटाकर उसके सौंदर्यीकरण कराए। उन्होंने तहसीलदारों से कहा कि जो विभिन्न प्रकार के वाद आप लोगों के स्तर पर लंबित है, उनका निस्तारण ससमय सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण के संबन्ध में प्रगति ठीक न पाए जाने पर सभी तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, मानिकपुर मोहम्मद जसीम, मऊ सौरभ यादव, राजापुर आलोक कुमार सिंह, उपायुक्त राज्य कर विक्रम अजीत, डिप्टी आरएमओ अविनाश झा, जिला खनिज अधिकारी सुधाकर सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विवेक शुक्ला, एलडीएम अनुराग शर्मा, उपायुक्त उद्योग एसके केशरवानी सहित तहसीलदार अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।