चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय और एसपी अंकित मित्तल ने गुरुवार को अभियोजन एवं कानून व्यवस्था की बैठक की। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और जिला खनिज अधिकारी के उपस्थिति न होने पर जवाब तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों व अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करें।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के राघव सभागार में हुई बैठक में डीएम और एसपी ने सभी मजिस्ट्रेटों व थानाध्यक्षों से कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करें। कहा कि 25 दिसंबर से ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इस पर क्षेत्र में सतर्क रहें। थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अवैध खनन पर अंकुश लगाते हुए प्रवर्तन की कार्यवाही पर तेजी लाएं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए खाद्य सुरक्षा के प्रवर्तन की कार्यवाही में प्रगति कराई जाए।
औषधि निरीक्षक को निर्देश दिए कि नकली दवाओं के मामलों में प्रभावी कार्यवाही करें और अधिक से अधिक मेडिकल स्टोरों में छापेमारी की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। बैठक में एएसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय, एसडीएम राजापुर राहुल कश्यप, मानिकपुर संगम लाल, सीओ नगर रजनीश कुमार यादव, मऊ सुबोध गौतम व राजापुर राम प्रकाश सहित शासकीय अधिवक्ता मौजूद रहे।