चित्रकूट/राजापुर। तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक ने गिट्टी लदे खड़े ट्रक में टकरा गया। इसके चलते ड्राइवर घायल हो गया और दोनों ट्रकों की गिट्टी बिखरकर सड़क पर गिर गई। इसके चलते पहाड़ी-राजापुर मार्ग का आवागमन बाधित हो गया। लगभग पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने गिट्टी हटवाकर जाम खुलवाया और क्रेन से ट्रकों को हटवाया। घायल ड्राइवर को प्रयागराज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत में सुधार है।
घटना शुक्रवार की देर रात्रि राजापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव के पास हुई। बताया गया है कि प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना गांव झुलहापुर निवासी संदीप (30) गोसाईंपुर गांव के पास गिट्टी लदा ट्रक का टायर ठीक कर रहा था। उतने समय ही पहाड़ी की ओर से तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक आया और खड़े ट्रक में भिड़ गया। इससे दोनों ट्रक सड़क पर पलट गए और गिट्टियां सड़क पर बिखर गईं। संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रकों के पलटने से पहाड़ी-राजापुर मार्ग का आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे राजापुर थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा मय फोर्स के साथ घायल संदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।
इसके बाद क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त ट्रकों को राजापुर थाने में खड़ा कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि राजापुर-पहाड़ी मार्ग लगभग पांच घंटे तक बाधित रहा। जिसके चलते दोनों तरफ जाम की स्थिति बनी रही। शनिवार की सुबह सात बजे यातायात बहाल हो सका।