चित्रकूट। पाकिस्तान से चित्रकूट के संग्रामपुर पहुंचे दो हिंदू परिवार के सदस्यों के मामले में खुफिया विभाग की जांच जारी है। गुरुवार को एक और खुफिया विभाग की टीम ने इस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर कागजातों की जांच की। फिलहाल एफआरआरओ से कोई निर्देश न मिलने पर इस परिवार को लेकर कोई निर्णय नहीं हो सका है।
गुरुवार को संग्रामपुर के पंचायत भवन में ठहरे पाकिस्तानी हिंदू परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने लखनऊ के खुफिया विभाग की टीम पहुंची। लगभग तीन घंटे तक टीम ने सभी कागजातों की जांच कर सदस्यों से पूछताछ की। सूत्रों की मानें तो जांच टीम संतुष्ट होकर गई है कि इन सदस्यों का कोई गलत इरादा नहीं है सिर्फ वीजा के नियमों का उल्लघंन किया है। इतना जरूर रहा कि जांच टीम ने इन्हें लाने वाले कमलेश पटेल समेत इनके दो अन्य सहयोगियों के बारे में पूरा इतिहास खंगाला है।
इधर विदेश क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से कोई दिशा निर्देश न आने पर इस परिवार को फिलहाल संग्रामपुर में ही रहना होगा। यह परिवार पिछले शुक्रवार को यहां आया था।