चित्रकूट/मानिकपुर। ट्रैक्टर पलटने से दबकर घायल एक और मजदूर ने दम तोड़ दिया। अब तक इस घटना में तीन की मौत हो चुकी है। तीन अन्य का इलाज चल रहा है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के अरवारा निवासी मायादेवी ने बताया कि उसके पति रामबाबू (40) की इलाज के दौरान बुधवार की रात को मौत हो गई। 26 जनवरी को सड़क का कार्य कराने वाले ठेकेदार विष्णु द्विवेदी छह मजदूरों को गांव से लेकर धारकुंडी गया था। वापसी में धारकुुंडी के पास ट्राॅली पलट गई थी। शारदा प्रसाद की मौके पर मौत हो गई थी। इसके बाद शंभू के पुत्र ने अस्पताल में दम ताेड़ दिया था। तीन घायलों का सतना में इलाज चल रहा है। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया। आरोप लगाया कि ठेकेदार की लापरवाही से हादसा हुआ है। अब तक तीन की मौत हो चुकी है, लेकिन ठेकेदार किसी भी परिजन का हाल जानने नहीं आया। उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। रिपोर्ट दर्ज न हुई तो बसपा आंदोलन करेगी।