जिले में डेंगू से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई। अब तक डेंगू से चार लोगाें की मौत हो चुकी है। इसके अलावा जिला अस्पताल में बुखार के छह मरीजों को भर्ती किया गया है।
भरतकूप के लोखरिया निवासी रमेश कुमार पुत्र रामहित को कई दिनों से तेज बुखार था। परिजनों ने खून की जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। जिसके बाद उसे इलाहाबाद में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक, सोमवार की रात को इलाहाबाद में ही उसकी मौत हो गई। मंगलवार को गांव में शव लाकर परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या चार हो गई है। इसके अलावा मंगलवार को मडैयन के शिवप्रसाद पुत्र लल्लू यादव को तेज बुखार होने पर अस्पताल लाया गया। लेकिन फार्मासिस्टों की हड़ताल होने के कारण मरीज को दवा नहीं मिल सकी। बाद में परिजनों ने किसी तरह दवा का इंतजाम किया। इसी प्रकार अस्पताल में कसहाई निवासी रामकुमार, अमानपुर निवासी चंदूलाल, चितरागोकुल निवासी रनिया देवी और देवकली निवासी रमइया देवी को बुखार होने पर भर्ती कराया गया। मंगलवार को फार्मासिस्टों की हड़ताल होने के कारण डाक्टरों ने मरीज का इलाज तो किया, लेकिन दवाएं नहीं मिलीं। जिससे मरीज तड़पते रहे और तीमारदार भटकते रहे।