चित्रकूट। सड़कों पर घूम रहे अन्ना मवेशियों को लेकर चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर ने सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर बताया कि जिले की किन-किन सड़कों पर अन्ना मवेशियों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पांच के अंदर अन्ना मवेशियों को गोशालाओं में संरक्षित किया।
शहर से लेकर गांव तक की सड़काें पर अन्ना मवेशियों की भरमार है, जबकि प्रशासन दावा करता है कि ज्यादातर अन्ना मवेशियों को गोशालाओं में बंद कर दिया गया है। इस मामले को संज्ञान में लेकर कमिश्नर गौरव दयाल ने डीएम को पत्र भेजा है।
इसमें बताया कि लगातार निर्देश के बावजूद गोवंशों को संरक्षण केंद्र में रखने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। निर्देश दिए कि पांच दिन के अंदर प्रत्येक दशा में निकटतम गोशालाओं में मवेशियों को पहुंचाया जाए। इतना ही नहीं इसके बाद इन स्थलों की फोटो प्रमाण स्वरूप उन्हें भेजी जाए। इन मामलों में 15 दिन के अंदर कार्रवाई कर रिपोर्ट दी जाए।
अन्ना मवेशियों के घूमने वाले स्थानों की सूची
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र : कलक्ट्रेट मार्ग, हाईवे पर कालूपुर के पास, पहाड़ी मार्ग, रगौली मार्ग, सीतापुर रोड चितरागोकुलपुर, शिवरापुर से कर्वी के बीच व शिवरामपुर से खोही जाने वाले मार्ग पर। मानिकपुर : मारकुंडी तिराहा, तिगलिया तिराहा, मानिकपुर पूरी मार्केट पर। मऊ क्षेत्र : हाईवे पर लालता रोड, ददरी, मऊ अस्पताल के सामने, बस स्टैंड के पास। मारकुंडी क्षेत्र : करौंहा तिराहा, हटवा गांव, रेलवे स्टेशन टिकरिया के पास।
राजापुर क्षेत्र : कर्वी से राजापुर मार्ग, राजापुर से कमासिन मार्ग, रामनगर रोड़ व छीबों रोड। पहाड़ी क्षेत्र : पहाड़ी से बिसंडा मार्ग, नांदी रोड व राजापुर मार्ग।
रैपुरा क्षेत्र में रामनगर, बउडी चौराहा, रैपुरा, रामपुर तिराहा व भौंरी।