राजापुर(चित्रकूट)। आए दिन लो वोल्टेज व अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया। बिजली न मिलने से खेतों को पानी न मिलने की शिकायत अधिकारियों से की। इसके बाद किसान पावर हाउस के सामने अनशन पर बैठ गए।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिला सरंक्षक छोटे बाबा व तहसील अध्यक्ष शिवदयाल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि पूरे क्षेत्र की नहरों से पानी नहीं मिल रहा। ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। बिजली कटौती का कोई शेडयूल नहीं है और जब रहती है तो लो वोल्टेज रहता है। धान के अलावा अन्य फसल खराब हो रही है। शिकायत पर बिजली विभाग के अधिकारी किसी की नहीं सुनते।
इसके बाद किसान नेताओं ने नारेबाजी की और जुलूस निकालकर पावर हाउस के पास पहुंच गए। लगभग 50 किसानों ने वहीं अनशन शुरु कर दिया। इस मौके पर अरूण पांडेय, राजकिशोर, विमल सिंह, सुरेश द्विवेदी, राजकुमार, प्रेम सिंह, रामलखन, ओमनारायण गर्ग व छेदीलाल आदि अनशन पर बैठे।