राजापुर (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र के चार पंप कैनालों की दुर्दशा की जानकारी पर राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने बुधवार को सिंचाई व विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंप कैनालों में अव्यवस्था देख उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शरद चौहान और जेई चंद्रमा प्रसाद को नहर चलाने में लापरवाही न करने के निर्देश दिए।
चिल्ली राकस के प्रधान संतोष यादव, शिवशंकर सिंह, बालाप्रसाद, प्रधान बेराऊर धीरेंद्र सिंह, नत्थू पांडेय, रजनीश पांडेय व हरिश्चंद्र पांडेय ने राज्यमंत्री को बताया कि रबी के पलेवा के समय नहर बंद कर सफाई का कार्य कराया जाता है। इससे पलेवा का कार्य प्रभावित होता है और किसान समय से गेहूं व रबी की बुआई नहीं कर पाता है और पैदावार में कमी आ जाती है।
किसानों ने लगातार पंप चलाए जाने की मांग की, जिससे रबी की फसल की समय से बुआई हो सके। इस पर राज्य मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शरद चौहान और जेई चंद्रमा प्रसाद को निर्देश दिया कि नहर चलाने में कोताही न बरती जाए।
चिल्लीमल पंप कैनाल के निरीक्षण के दौरान 11 माइनरों की समय से सफाई कराने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधान चिल्लीमल करुणेश मिश्रा, चंद्रपाल मिश्रा, सुशील मिश्रा, शिवभूषण मिश्र, नागेंद्र मिश्र, लालू खां व पंकज यादव ने राज्य मंत्री को बताया कि नहर की क्षमता 150 क्यूसेक कर दी गई है, लेकिन नहर व माइनरों का चौड़ीकरण न होने के कारण पानी के वेग से नहरें जगह-जगह से टूट जाती हैं।
इससे किसान सिंचाई से वंचित रह जाते हैं। इसी प्रकार 25 क्यूसेक क्षमता वाली नहर लमियारी पंप कैनाल के औचक निरीक्षण में ग्रामीणों की उपस्थिति में ऑपरेटर जयनारायण निषाद से पंप कैनाल की स्थिति की जानकारी ली। ऑपरेटर ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण मशीन नहीं चल पाती है।
इस संबंध में उपखंड राजापुर के अधिशासी अभियंता केके वर्मा ने बताया कि राजापुर से 132 केबी की लाइन सरधुआ फीडर के लिए अलग से जोड़ दी जाए तो लो वोल्टेज की समस्या समाप्त हो सकती है।
इस पर राज्य मंत्री ने अधिशासी अभियंता केके वर्मा व सहायक अभियंता एसएस कटियार को 10 दिनों के अंदर दोनों लाइनों के लिए प्रस्ताव तैयार कर लाइनें खींचने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम राजापुर राहुल कश्यप, सिंचाई विभाग के शरद कुमार चौहान, एसडीओ जसीराम, देवपाल, सुभाषचंद्र अग्रवाल, लाल बहादुर सिंह व राजेन्द्र पांडेय मौजूद रहे।
मधुमक्खियों के हमले में बाल बाल बचे राज्यमंत्री
राजापुर। बुधवार को निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री जैसे ही चिल्लीमल पंप कैनाल के पावर प्लांट के पास पहुंचे, तो कुछ मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया।
हालांकि उन्होंने अपनी गाड़ी में बैठकर खुद को सुरक्षित किया। मधुमक्खियों के हमले में कई अन्य लोग जख्मी हो गए।