चित्रकूट। मानिकपुर कस्बा के सहकारी समिति में खाद के लिए लाइन में लगी एक वृद्धा भीड़ के धक्का से गिर कर घायल हो गई थी। इसकी इलाज के दौरान शनिवार की शाम को प्रयागराज के अस्पताल में मौत हो गई।
जवाहर नगर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह मां लीलावती उर्फ बबुआ (65) के साथ बृहस्पतिवार को सोसाइटी के बाहर खाद लेने के लिए लाइन में लगा था। लगभग तीन घंटे से लाइन में वह मां के साथ लगा था। इसी बीच लाइन में लगे अन्य किसानों की भीड़ अचानक से हो हल्ला करते हुए एक दूसरे का धक्का मुक्की करने लगी। इसी दौरान उसकी मां गिरी और घायल हो गई। उन्हें तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से भी प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल भेज दिया गया। जहां इलाज के दौरान दोपहर को मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचा।
लीलावती के पुत्र राजेश ने बताया कि वह चार भाई विमलेश, राकेश, संतोष कुमार व एक बहन गुड़िया देवी है। बताया कि उसके पास करीब 15 बीघे खेत है। मानिकपुर एसडीएम मो. जसीम ने बताया कि इसकी जानकारी संबंधित सोसायटी से पता करा रहे हैं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि परिजनों ने अभी सूचना नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।