चित्रकूट। खोही निवासी एक व्यक्ति ने पर्यटन विभाग पर अवैध तरीके से जबरन उसकी पुरानी पैतृक जमीन पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने का आरोप लगाया है। उसने सीएमम सहित आयुक्त, डीएम व क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को पत्र भेजकर अवैध तरीके से शौचालय निर्माण रोकने की मांग की है।
कर्वी कोतवाली अंतर्गत पुलिस चौकी सीतापुर के ग्राम खोही के पीड़ित अच्छेलाल ने आरोप लगाया कि चित्रकूट के कामदगिरि पर्वत किनारे ग्राम खोही अंतर्गत परिक्रमा के बगल से उसकी पैतृक भूूमि है, जो नक्शे में पूर्वजों के नाम दर्ज है। वर्तमान समय में उसका परिवार इसी भूमि में मकान बनाकर निवास कर रहा है। यहां सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पर्यटन विभाग चित्रकूट करा रहा है। मांग की है कि अवैध तरीके से घर के अंदर सार्वजनिक शौचालय निर्माण रोककर इंसाफ दिलाया जाए।
इस संबंध में पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व विभाग ने नाप जोख कर उन्हें भूमि उपलब्ध कराई है। इसी आधार पर वहां निर्माण हो रहा है। इस भूमि के विवाद की उन्हें जानकारी नहीं है। इसके लिए पर्यटन विभाग दोषी नहीं है।