बरगढ़ (चित्रकूट)। छात्र-छात्राओं के कॅरिअर के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन बरगढ़ कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। इसमेंं स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद नौकरी पाने सहित अन्य कार्य के लिए विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला का आयोजन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा विभाग, व स्वयं सेवी संस्था ने संयुक्त रूप से किया। कार्यशाला में 110 छात्र और 72 छात्राओं ने भाग लिया। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान के प्राचार्य एसके वैश्य ने कहा कि इंटर करने के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज में दाखिला करा लें। यहां पर इसमें बेहतर भविष्य बनता है। बताया कि उत्तर प्रदेश में 154 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थाएं है, जिसमें आवेदन की अंतिम तिथि 1 मई है। प्रवेश परीक्षा माह जून के अंतिम सप्ताह में होगी।
इस मौके पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता विजय सोनी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रवक्ता चंद्रभान प्रजापति, सचिव मौर्य, संजीव सिंह, आदित्य सिंह, पवन कुमार, मेधा संस्थान की शीबा जोसेफ, डॉ.धीरज राय, प्रशांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
कार्यशाला में शामिल उड़की गांव निवासी शिशिर कुमार ने बताया कि परिवार व समाज की स्थिति को देखते हुए तकनीकी शिक्षा लेना चाहते हैं। घर की आर्थिक स्थिति ज्यादा अच्छी न होने से वह बाहर नहीं जा सकता। इस शिक्षा से नौकरी भी मिल जाती है। मुरका निवासी नीलू सिंह ने बताया कि वह तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना चाहती है।