चित्रकूट। दीपावली के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। चित्रकूट से दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, झांसी और मुंबई जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में इस समय वेटिंग चल रही है।
चित्रकूट एक्सप्रेस, कानपुर चित्रकूट इंटरसिटी एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक चित्रकूट एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, बेतवा एक्सप्रेस और उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित लगभग सभी ट्रेनों में रिजर्वेशन की कोई सीट नहीं है। बरौनी अहमदाबाद एक्सप्रेस और चंबल एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा।
ट्रेन में सीट न मिलने से लोग अब बसों और निजी वाहनों का सहारा ले रहे हैं। चित्रकूट से दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी और झांसी के लिए चलने वाली लग्जरी बसों में लगभग सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। दिल्ली और लखनऊ मार्ग की वोल्वो तथा स्लीपर बसों में अग्रिम बुकिंग पूरी हो चुकी है, जबकि प्रयागराज और कानपुर रूट की बसों में बहुत कम सीटें बची हैं। वाराणसी और झांसी जाने वाली बसों में यात्रियों की भीड़ सामान्य से कई गुना अधिक है। बस ऑपरेटर मनमानी उगाही कर रहे हैं, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
चित्रकूट निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि वह चार दिन से टिकट की कोशिश कर रहे हैं, पर हर ट्रेन में वेटिंग है।करवी की सीमा त्रिपाठी ने कहा कि दीपावली पर घर जाने के लिए ट्रेन का टिकट न मिलने से उन्हें बस से यात्रा करनी पड़ी, जिसमें किराया दोगुना देना पड़ा। मानिकपुर के नितिन सोनी ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए बस की आखिरी सीट मिली, जबकि किराया सामान्य से अधिक था। लखनऊ की अंजलि वर्मा ने कहा कि हर साल त्योहारों के समय यही समस्या होती है, लेकिन इस बार स्थिति और भी गंभीर है। यात्रियों ने रेलवे से दीपावली अवधि में अतिरिक्त कोच जोड़ने और विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
वर्जन
मुख्य वाणिज्य अधीक्षक गिरीश कुमार पांडेय ने बताया कि कि 20 से 24 अक्तूबर के बीच किसी भी ट्रेन में तत्काल या प्रीमियम कोटा में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है। भीड़ को देखते हुए रेलवे ने त्योहारी विशेष ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा है।दिवाली मेला में स्पेशल चार ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है।