चित्रकूट। भीषण गर्मी से उल्टी दस्त, बुखार और पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल के सभी वार्डों के बेड फुल हो गए हैं। इमर्जेंसी वार्ड में हालात ये हैं कि एक बेड पर दो मरीजों को लेटाकर इलाज किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को उल्टी-दस्त व पेटदर्द से पीड़ित नौ मरीजों को भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश होने के कारण जिला अस्पताल की ओपीडी सुबह 11 तक ही रही। इसके बावजूद जिला अस्पताल के काउंटर में पर्चा कटाने के लिए मरीजों की लाइन लगी रही। लगभग 678 मरीजों के पर्चे काटे गए। इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की भीड़ रही। नारायणपुर निवासी विद्या देवी (50), कसहाई निवासी रूपेश की दो वर्षीय पुत्री निधि, लौघटा निवासी आरती (44), पुरानी बाजार निवासी रवि (30), भीठाखेरा निवासी राजेंद्र (45), एसडीएम कालोनी निवासी अभिषेक (26), बगलई निवासी शिवभवन (48), सीतापुर निवासी गौतम की दो वर्षीय पुत्री भूरी व औदहा निवासी मंगल (70) को भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ. वंदना श्रीवास्तव ने कहा कि इमर्जेंसी में कभी कभार ज्यादा मरीज आने से कुछ देर के लिए समस्या होती है। इसके बाद पहले के मरीजों को वार्ड में शिफ्ट कर नए मरीजों का इलाज किया जाता है। डॉक्टर व पूरी टीम तन्मयता से काम कर रही है।