चित्रकूट/मानिकपुर। थाना क्षेत्र के सरहट गांव में रविवार को पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया। शाम को तीनों बेहोशी की हालत में मिले। गंभीर स्थिति में पहले उन्हें सीएचसी फिर जिला अस्पताल और वहां से प्रयागराज रेफर किया गया है।
सरहट निवासी गणेश चंद्र ने बताया कि बड़े भाई शिव चंद्र गुप्ता (40) का शनिवार शाम पत्नी वंदना देवी से बच्चों रूपाली (11) और मानस गुप्ता (8) की पढ़ाई के दौरान डांटने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद नाराज शिव चंद्र रविवार सुबह करीब आठ बजे दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकल गए। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
शाम करीब चार बजे खंभेश्वर आश्रम के पास पत्थरों के बीच तीनों बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। अस्पताल में होश आने पर शिव चंद्र ने बताया कि उसने और दोनों बच्चों ने जहर खा लिया है।
तीनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय और क्षेत्राधिकारी फहद अली जिला अस्पताल पहुंचे और पूछताछ की। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर दो एंबुलेंस से तीनों को प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।