चित्रकूट (मऊ)। बार काउंसिल आफ उप्र के आह्वान पर जिले के सभी अधिवक्ता शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हेमराज सिंह और पूर्व सचिव शिवशंकर उपाध्याय ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि जनपद एटा में 24 दिसंबर को वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र शर्मा के साथ पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार अमानवीय कृत्य है। मांग की कि एटा के मामले की जांच कराकर दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
उधर, मऊ तहसील के अधिवक्ता भी शनिवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहे। तहसील बार एसोसिएशन संघ की मऊ कार्यालय में बैठक हुई। इसमें एटा जिले की घटना की निंदा की गई। इस मौके पर महामंत्री भोले शंकर दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रनारायण मिश्र, वीरेंद्र कुमार वर्मा, संतोष कुमार, अंगद कुमार, शिवबली सिंह, सोमेश त्रिपाठी व चंद्रभूषण पांडेय मौजूद रहे।