मानिकपुर (चित्रकूट)। ट्रेनों में लूटपाट और चोरी करने वाले आरोपी को जीआरपी ने पकड़ा है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किया। इसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।
मानिकपुर जीआरपी थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि टीम के साथ सोमवार को टिकरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। इस पर जीआरपी टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने मध्य प्रदेश के रीवा जिले के डभौरा थाना के डभौरा निवासी विनोद यादव नाम बताया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किया है। इसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है। जानकारी के आधार पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तहत दस मामले जीआरपी मानिकपुर में दर्ज हैं। इसकी पुलिस कई माह से तलाश कर रही है।