राजापुर। थाना अंतर्गत छीबों गांव में शौच क्रिया कर घर लौट रही वृद्धा को अनियंत्रित बोलेरो ने टक्कर मार दी। घायल में अवस्था में वृद्धा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, ग्रामीणों ने चालक को बोलेरो समेत पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। छींबो गांव निवासी धनपतिया (70) पत्नी करकुलिया रैदास मंगलवार दोपहर खेत से शौच क्रिया के बाद घर लौट रही थी।
जैसे ही वह गांव की मुख्य सड़क पर पहुंची तो राजापुर की ओर से तेज गति से आई बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे वृद्धा गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए रामनगर सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर शाम जिला अस्पताल के डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर किया पर कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतका के पुत्र मुन्नीलाल ने बताया कि बोलेरो चालक को पुलिस के हवाले किया गया है। मृतका के तीन पुत्र हैं। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।