चित्रकूट/भरतकूप। सड़क दुर्घटना में घायल दरोगा की बुधवार की देर रात अमहिला गांव में मौत हो गई। दरोगा प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर कड़ा थाने में तैनात थे। पुलिस ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराया।
भरतकूप थाना क्षेत्र के अमहिला गांव निवासी दरोगा राजकुमार तिवारी (58) के परिजनों ने बताया कि तैनाती क्षेत्र प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर कड़ा में 29 जनवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। इस कारण उनका इलाज पहले प्रयागराज में हुआ और बाद में दिल्ली में इलाज चल रहा था। एक माह पहले ही उनकी स्थिति में सुधार होने पर परिजन उन्हें गांव ले आए थे। बुधवार की देर रात घर में ही उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस थाने में दी गई। थाना प्रभारी संजय उपाध्याय ने बताया कि मृत दरोगा के कार्य क्षेत्र थाने में सूचना दी गई है। मृत दरोगा अपने पीछे पत्नी मुन्नीदेवी, पुत्र आनंद व दो पुत्रियों को छोड़ गया हैं।
-----