चित्रकूट। नयागांव थाना क्षेत्र के बगदरा घाटी में अचानक तीर्थयात्रियों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार 22 तीर्थयात्री एक दूसरे के ऊपर दब गए और चीख पुकार करने लगे। दर्दनाक हादसे में महिला समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 19 घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जानकीकुंड व सतना अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें पांच की हालत नाजुक है।
भरेड़ी गांव निवासी राजू अपने पुत्र के मुंडन कार्यक्रम के लिए रिश्तेदारों व पड़ोसियों को लेकर ट्रैक्टर से रविवार को मैहर रवाना गए थे। देवी प्रांगण में मुंडन के बाद मंगलवार की देर शाम को वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। ट्राली सवार प्रत्यक्षदर्शी भरेडी निवासी गया प्रसाद ने बताया कि जैसे ही ट्रैक्टर नयागांव थानाक्षेत्र के बगदरा घाटी के बटोही मोड़ के पास पहुंचा तो ट्राली लहराने लगी।
जिससे तीर्थयात्रियों ने चीखकर चालक को सचेत किया। पर तब तक ट्राली का धुरा टूट गया और ट्रैक्टर ट्राली समेत पलट गया। मौके पर चीख पुकार मची तो राहगीरों ने पुलिस सूचना दी। नयागांव थाना प्रभारी आरबी त्रिपाठी व मझगवां थाना प्रभारी ओपी सिंह चौगडे मयफोर्स एंबुलेंस लेकर पहुंचे। इसके बाद अन्य वाहनों की मदद से ट्राली को सीधा किया गया और नीचे दबे लोगों को निकला गया। भरेड़ी ग्राम प्रधान रामसूरत ने बताया कि शिवमोहन पुत्र कुआरे, बृजरानी पत्नी दिनेश व राकेश कुमार पुत्र रामदीन निवासी एकौरा की मौके पर मौत हो गई है। नया गांव थाना प्रभारी आरबी त्रिपाठी ने बताया कि घायलों में पांच की हालत बहुत नाजुक है जिन्हें सतना रेफर किया गया है।