बैठक में निर्देश देते डीएम शेषमणि पांडेय व मौजूद सीडीओ अमित आसेरी।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में नीति आयोग के सूचकांकों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि मां मंदाकिनी गंगा के अविरल जल अभियान के कार्य पर प्रगति लाएं और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को भी बढ़ाया जाए। पिरामल संस्था व यूनिसेफ के लोगों से कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा व पोषण मिशन के बिंदुओं पर फोकस करें।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने फसल बीमा कंपनी के अधिकारियों से कहा कि सभी विकास खंडों में कार्यालय स्थापित कर किसानों के फसल बीमा कराए जाएं। अग्रणी जिला प्रबंधक इलाहाबाद बैंक आरके सोनी से कहा कि जिन केसीसी धारकों का खाता लगातार संचालन हो रहा है। उनको शत प्रतिशत फसल बीमा का लाभ दिलाएं।
जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि कैंप लगाकर केसीसी कार्ड बनाएं और प्रतिदिन का फीडबैक दें। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार से कहा कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के कार्यों को बढ़ाएं और इसकी समीक्षा भी कराएं। रैपुरा सीएचसी को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि ज्ञान मंदाकिनी, सक्षम बेटियां अभियान व स्मार्ट क्लास को बढ़ावा दें। बैठक में सीडीओ अमित आसेरी, सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे, जिला उद्यान अधिकारी रमेश कुमार पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, पिरामल संस्था व यूनिसेफ के लोग रहे।