चित्रकूट/खोही। वैशाखी अमावस्या पर लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में स्नान कर भगवान कामदनाथ के दर्शन किए। पंचकोसी परिक्रमा लगाकर तीर्थ स्थानों पर माथा टेका। कई जगह भीषण गर्मी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी भी हुई। रास्ते में छांव ढूंढते रहे।
भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे। गुरुवार को तड़के मंदाकिनी में डुबकी लगाई। पंडितों को दान कर परिक्रमा लगाई। धर्मनगरी क्षेत्र के जानकीकुंड गुप्त गोदवरी, हनुमानधारा सहित अन्य तीर्थ स्थानों के दर्शन किया। लगभग 41 डिग्री तापमान के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ रामघाट और कामदगिरी परिक्रमा मार्ग पर रही।
परिक्रमा मार्ग में ठंडा जल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए वाटर कूलर खराब होने के कारण श्रद्धालुओं को परिक्रमा किनारे बनी पानी की टंकियों का गर्म पानी पीने को मजबूर होना पड़ा। इसी तरह से यूपी व एमपी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं को पानी उपलब्ध कराने के लिए रखे गए टैंकर तेज धूप के कारण गर्म हो गए। इनसे भी गर्म पानी निकल रहा था। यही हाल रोडवेज बस स्टैंड पर भी रहा।
परिक्रमा मार्ग के बांके बिहारी मंदिर के पास नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने सफाई करने के बाद कूड़े के ढेर में आग लगा दिया। परिक्रमा मार्ग के बीच में ही आग लगने से धुआं आसपास छा गया। इसी रास्ते से श्रद्धालु परिक्रमा कर रहे थे, जिन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के दुकानदार भी भयभीत रहे कि कहीं आग की चिंगारी दुकान तक न पहुंच जाए।