चित्रकूट। रैपुरा थानाक्षेत्र के इटवा गांव में मंगलवार को पुणे से आई संगीता (19) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
परिजन उसकी शादी के लिए लड़का देखने जा रहे थे, लेकिन किसी कारणवश नहीं जा सके। पुलिस को घरवालों जहरीला पदार्थ निगलने की जानकारी दी है।
इटवा निवासी हरिश्चंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बेटी संगीता और बेटा सत्यवीर के साथ पुणे में रहकर काम करते हैं। नवरात्र पर्व पर बेटी के साथ गांव आए। उसकी शादी के लिए लड़का देखने जाना था, लेकिन किसी कारण से नहीं जा पाए।
शाम को खेत की ओर चले गए। रात करीब आठ बजे घर लौटने पर बेटी जमीन पर बेहोश मिली। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने पहले ही दम तोड़ दिया। आशंका है कि बेटी ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।