चित्रकूट/मानिकपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक ने शनिवार की रात घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का कहना है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मानिकपुर के कल्याणगढ़ चौराहा थाना के पास निवासी सौफीलाल मिश्रा ने बताया कि भतीजा महेश उर्फ श्रीपति मिश्रा (32) शाम को खाना खाकर कमरे में सोने चला गया था। सुबह सात बजे तक कमरे से बाहर नहीं आया तो खिड़की से झांककर देखा। उसका शव फंदे से लटक रहा था। बताया कि श्रीपति कई साल से यूपीएसएससी की तैयारी कर रहा था। कई बार परीक्षा में फेल हो गया था। दो माह पहले भी परीक्षा दिया है, इसका अभी तक परिणाम नहीं आया है। इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था।
घटना के बाद से पत्नी मनीषा का हाल बेहाल है। बताया कि पिता कंपोजिट विद्यालय कल्यानपुर में शिक्षक हैं। संकुल प्रभारी भी हैं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि परिजनों ने मानसिक स्थिति ठीक न होने से घटना का कारण बताया है।
मासूम के सिर से उठा पिता का साया
सौफीलाल ने बताया कि दो साल पहले बांदा के बबेरू थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में मनीषा के साथ शादी हुई थी। सात माह की बेटी है। मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।