चित्रकूट। मानिकपुर व पनहाई रेलवे स्टेशन के बीच युवक ने ट्रेन के टॉयलेट केबिन का शीशा तोड़कर कूदकर खुदकुशी कर ली। उधर, खोह के पास एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया।
थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि सूचना मिली कि मानिकपुर व पनहाई रेलवे स्टेशन के बीच में एक युवक ट्रेन से कूद गया है। मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जांच की तो पता चला कि युवक ने ट्रेन में खुद को शौचालय में बंद कर लिया था। लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो शौचालय कर शीशा तोड़ कर चलती ट्रेन से कूद गया था।
जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर का निवासी सूरज कुमार (40) के रूप में हुई। परिजनों के आने के बाद ही कुछ स्थिति साफ हो पाएगी। इसी प्रकार रविवार की शाम को खोह के पास चलती ट्रेन से गिर कर एक युवक (30) घायल हो गया है। आरपीएफ ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरपीएफ थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचा कर उसके पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।