फोटो 25 सीकेटीपी 12 रगौली का कच्चा रास्ता। संवाद
चित्रकूट। छात्र-छात्राओं को कीचड़ और पानी भरे रास्तों होकर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। जिला पंचायत ने प्राथमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों तक जाने वाले नौ मार्गों के निर्माण व सुधार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस पर 2.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बारिश के दौरान कई गांवों में छात्र-छात्राओं को घुटनों तक भरे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है। अधिक जलभराव होने से उनके गिरकर घायल होने का खतरा था। शिक्षकों को भी समय पर स्कूल पहुंचने में समस्या का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इसको लेकर कई बार शिकायतें कीं। जिला पंचायत ने कुल 3.39 किलोमीटर लंबे नौ संपर्क मार्गों के निर्माण को हरी झंडी दी है। ये सड़कें उन बस्तियों को जोड़ेंगी, जहां स्कूल तक जाने का कोई पक्का रास्ता नहीं है।
जिला पंचायत के अध्यक्ष/प्रशासक अशोक जाटव ने बताया कि नौ सड़कों के टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बारिश से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य है।
-
यहां बनेंगी सड़कें
सबसे लंबी सड़क पिलखिनी में मुख्य मार्ग से प्राथमिक विद्यालय तक 715 मीटर की बनेगी, जिस पर 45.85 लाख खर्च होंगे। गोबरिया में 665 मीटर डामर और सीसी सड़क के लिए 46.45 लाख स्वीकृत हुए हैं। देउन्धा के ककरौली पुरवा में पुलिया से स्कूल तक 425 मीटर सीसी रोड पर 33.66 लाख, रगौली में 250 मीटर पर 20.47 लाख, मलवारा में 105 मीटर पर 8.49 लाख, चोरहा मजरा बिनौरा में 110 मीटर पर 8.79 लाख, उन्नाय बन्ना में उच्च प्राथमिक विद्यालय तक 600 मीटर 24.97 लाख, रमपुरिया अव्वल के नारायणपुर में 390 मीटर पर 24.07 लाख और सरधुवा के खरियारी पुरवा में इंटर कॉलेज तक 130 मीटर सीसी रोड व रिटेनिंग वॉल पर 24.86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
फोटो 25 सीकेटीपी 12 रगौली का कच्चा रास्ता। संवाद