ट्रक और डीसीएम की आमने सामने की टक्कर में पीछे आ रहा तेज रफ्तार टेंपो भी ट्रक में घुस गया। ट्रक और डीसीएम के चालक समेत टेंपो में बैठी सवारियां भी घायल हो गईं।
हाईवे पर पुल के पास हुई दुर्घटना में ट्रक सीढ़ियों से होता नीचे जा गिरा। उधर, मऊ में एक रोडवेज बस ने दो साइकिलसवार बालकों को रौंद दिया, जिससे उसमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है।
सोमवार दोपहर दो बजे कौशांबी से नवरोजाबाद बरिया जा रही डीसीएम पुलघाट के पास ट्रक से टकरा गया। ट्रक भरतकूप से इलाहाबाद जा रहा था।
दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत के बाद डीसीएम के पीछे आ रहा बेकाबू टेंपो दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में जा घुसा। टेपों सवारियां लेकर चित्रकूट जा रहा था। ट्रक चालक के नशे में होने की बात कही जा रही है। चालक के ट्रक न संभाल पाने पर पुल की सीढ़ियों से होता हुआ यह नीचे जा गिरा।
यह दृश्य देखकर लोगों की भीड़ लग गई। इस दुर्घटना में चोटें तो आईं पर किसी की मौत नहीं हुई।
दुर्घटना में डीसीएम चालक प्रेमचंद्र यादव निवासी करारी, ट्रक चालक शहाबुद्दीन (45) निवासी मुरका के अलावा टेंपो में बैठे दीपू (18) और दिलीप (17) चित्रकूट, कुनेहटा का प्रधान रामराज (29), दयाशंकर (60) निवासी बांदा, मनीष श्रीवास्तव (33) बांदा घायल हुए हैं।
सभी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात हो गए। बताया जाता है कि उसी समय बिजली चली गई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया, वर्ना ट्रक खंभे और तार तोड़ता हुआ नीचे गिरा था।
उधर, एक अन्य सड़क दुर्घटना में एक बालक की मौत हो गई। सोमवार दोपहर दलित परिवारों के बालकों को एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई।
हलुवा उर्फ शिवभोले (13) पुत्र मैकूलाल अपने साथी योगेंद्र उर्र्फ गेंदालाल (13) पुत्र घनश्याम के साथ अपने गांव जोरवारा से मऊ जा रहा था। लालता रोड के पास हाईवे पर पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने इनकी साइकिल को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल हलुवा की मौत हो गई, योगेंद्र को इलाहाबाद रिफर किया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे एसआई धीरेंद्र मिश्रा और राजेश मिश्रा ने रोडवेज बस को बरामद कर लिया है, जबकि चालक भाग निकला।