तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
राजापुर (चित्रकूट)। पत्थर लादकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बिहरवां पुल के पास बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डंपर का पीछा कर ग्रामीणों ने करीब एक किमी दूर रोक लिया। ग्रामीणों ने चालक और क्लीनर की जमकर धुनाई कर डंपर में आग लगा दी। बवाल की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। विधायक जब मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने शवों को उठने दिया।
गुरुवार को सुबह लगभग दस बजे पत्थर लदा डंपर राजापुर से सुरवल गांव की ओर जा रहा था। बिहरवा पुल के पास अमवा गांव के संपर्क मार्ग से आ रही बाइक को डंपर ने चौराहे पर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सूखी नहर में जा गिरी, जबकि अर्जुन निषाद (30) पुत्र देशराज और उसका रिश्तेदार शिवकरण उर्फ गभौली (20) निवासीगण अमवा सड़क पर ही गिर गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा होता देख आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़े और भाग रहे डंपर का पीछा कर लगभग एक किमी दूर अमवा माइनर के पास पकड़ लिया। ग्रामीणों ने चालक मुन्ना और खलासी भइयन को जमकर पीटा और डंपर में भी आग लगा दी। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। लगभग दो घंटे बाद पहुंचे एसओ केशव प्रसाद दुबे ने चालक और खलासी को गिरफ्त में ले लिया। सूचना पाकर सीओ राजापुर सत्यवीर सिंह, एसडीएम अभयराज भी पहुंचे और शवों का पंचनामा कराने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीणों ने बिना विधायक के आए शवों का पंचनामा कराने से इंकार कर दिया। सूचना पाकर सदर विधायक वीरसिंह पहुंचे और दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही शासन से सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद शवों का पंचनामा शुरू हुआ। पुलिस ने घायल चालक और क्लीनर को जिला अस्पताल भेजा। खलासी भइयन की हालत गंभीर बताई गई है।