राजापुर (चित्रकूट)। बिलास मोड़ के पास सड़क किनारे मिला शव मऊ कस्बा निवासी चुन्नी लाल निषाद के बेटे रमाशंकर का था। गुरुवार शाम से लापता रमाशंकर की बाइक मऊ में ही खड़ी मिली है। लापता बेटे की खोजबीन में जुटे परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। रमाशंकर के पिता ने क्षेत्र के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
मऊ निवासी चुन्नी लाल निषाद का बेटा रमाशंकर (25) का शव शुक्रवार सुबह राजापुर क्षेत्र के बिलास मोड़ के पास सड़क किनारे मिला था। उसके दायें हाथ पर गुदा रमाशंकर के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही थी। पुलिस ने सभी थानों से संपर्क भी किया था। अखबारों में छपी खबर पढ़कर शनिवार सुबह रमाशंकर के पिता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और बेटे का शव देखकर फफक पड़े। उन्होंने बताया उनकी गांव में प्रधानी चुनाव और जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। गुरुवार की शाम उनका बेटा बाइक लेकर निकला था। बाइक मऊ थाने के पास ही खड़ी मिली है। उन्होेेंने कहा कि बेटे का अगवा कर हत्या की गई है। बताया कि उन्होंने पिछली बार प्रधानी का चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। विपक्षी भी अपनी हार का कारण उसे मानते हैं। इसके चलते रंजिश मानने लगे थे। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति से उसका जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा है। इधर दोनों विरोधियों का एक साथ बैठना था। उन्होंने कहा उनके बेटे को कस्बा से अगवा किया गया है। इसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या की गई। चुन्नी लाल ने शिव औतार उर्फ पहलवान, शिव औतार के बेटे अमित, विनीत और राम नरेश केवट का बेटा शिवमोनी, लल्लू निषाद का बेटा राम सलेम के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। राजापुर पुलिस के अनुसार पहले ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज है। जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।