राजापुर (चित्रकूट)। चिल्लीमल के बिलास मोड़ पर शुक्रवार सुबह सड़क किनारे युवक का लहूलुहान शव मिला। ग्रामीणों ने जब समीप जाकर देखा तो उसके शरीर पर चार गोलियां दागी गई थी। हाथ-पैर बांधकर गला भी घोटा गया है। संभावना है युवक की हत्या कहीं और की गई है। इसके बाद शव लाकर फेंका गया है। पुलिस उसके दाएं हाथ पर गुदे नाम और कपड़ों के आधार पर शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बिलास मोड़ के पास सड़क किनारे सुबह एक शव पड़ा था। आसपास के गांव से निकले लोगों की जब उस पर नजर पड़ी तो मजमा लग गया। लोगों ने समीप जाकर देखा तो उसे गोली लगी थी। हत्या की संभावना से ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर अपर एसपी आरडी चौरसिया, सीओ राजापुर सत्यवीर सिंह और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार युवक की उम्र करीब 25 साल होगी। वह काला पैंट और लाल टीशर्ट पहने है। अनुमान है कि हत्यारोपियों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा है। उसके हाथ-पैर बांधे है और गला घोंटा है। युवक जिंदा न बच सके, इसलिए कनपटी, सीना, माथा और जांघ पर गोलियां मारी है। उसकी हत्या कहीं और की गई है। शिनाख्त न हो सके, इसलिए उसे बिलास मोड़ के पास लाकर फेंका गया है। युवक के दाएं हाथ पर रमाशंकर लिखा है। शव के समीप ही एक 315 बोर का टुकड़ा (आधा खोखा) पड़ा था। युवक के जेब से रिंच और टेस्टर बरामद हुआ है। इससे यह माना जा रहा है कि युवक हो सकता है पेशे से इलेक्ट्रानिक मिस्त्री हो। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।