चित्रकूट। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई (अखिलेश) की बैठक में अनुदेशकों के मानदेय का भुगतान न होने का मुद्दा गंभीरता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडे ने कहा कि कई बार इस संबंध में अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मई 2013 में प्रमोशन प्राप्त शिक्षकों का ग्रेड वेतन लगाए जाने, अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की एनएसई तत्काल उपलब्ध कराने, चयन वेतनमान लगाने, जुलाई में नियुक्त शिक्षकों का वेतन हर हाल में अक्तूबर में देने, शिक्षकों का वेतन हर माह की पांच तारीख तक भुगतान करने की बातें रखीं। बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता व भवन निर्माण के नाम पर शिक्षकों का वेतन जांच के बाद तत्काल देने, निशुल्क ड्रेस का सैंपल जिला स्तर पर निर्धारित किए जाने के संबंध में भी प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में मंत्री लवलेश सिंह, जयप्रकाश मिश्र, लवकुश द्विवेदी, सर्वजीत सिंह, विजय पांडे, बद्री नारायण दीक्षित, ललित बिहारी मिश्र, रामकरन सिंह, हरिकिशोर दीक्षित, मनीषा द्विवेदी, कुट्टूराम, अतुल द्विवेदी आदि मौजूद रहे।