चित्रकूट। बनकट विद्युत उपकेंद्र में 15 अगस्त की शाम फुंके आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर को कब तक बदला जाएगा, विभागीय अधिकारी भी इस संबंध में स्पष्ट बताने में असमर्थ हैं। एक्सईएन सुनील चंद्र ने कहा कि इसकी जानकारी आगरा मुख्यालय को दे दी गई है और इसको बदलने या सुधारने में कितना समय लगेगा, यह बता पाना मुश्किल है।
बनकट विद्युत उपकेंद्र में उस शाम लगभग साढ़े छह बजे कर्वी थर्ड फीडर में फाल्ट आने पर उसका तार वहां से नीचे गुजरे तार पर गिरा और केबिल जलने से पहले ट्रांसफार्मर ट्रिप न होने से यह भी क्षतिग्रस्त हो गया। फाल्ट इतना जबर्दस्त था कि बांदा से मेन सप्लाई तक बाधित हो गई। ड्यूटी पर रहे एसएसओ अंबिका प्रसाद ने अधिकारियों को सूचना दी। लगभग एक घंटे तक आग को बालू और पानी से बुझाया गया। बताया जाता है कि ऐसे मौकों के लिए यहां पर आग बुझाने की उपयुक्त सुविधा न होने से भी ट्रांसफार्मर को तगड़ा नुकसान पहुंचा। लगभग आठ साल पुराने इस आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई गई है। इस ट्रांसफार्मर के फुंकने से कर्वी टाउन, चित्रकूट ग्रामीण इलाका तो प्रभावित हुए ही हैं, साथ ही अन्य फीडरों से चलने वाले भौंरी, लोढ़वारा और अन्य इलाकों में भी इसका असर पड़ रहा है। विद्युत विभाग के लोगों ने बताया कि एक जगह से काटकर दूसरी जगह को बिजली दी जा रही है। लोगों का हालांकि यह भी कहना है कि विभाग इस दिक्कत को दूर करने का ठोस प्रयास नहीं कर रहा है। बताया जाता है कि अभी तक इस ट्रांसफार्मर को चेक करने के लिए कि यह आंशिक रूप से ठीक है या पूरी तरह से फुंक चुका है, इसकी जानकारी को विशेषज्ञों की टीम तक नहीं आई है। इस संबंध में जब अधिशासी अभियंता सुनील चंद्र से जानकारी की गई तो उन्होंने कहा कि जिस दिन घटना हुई थी, उसी दिन आगरा को जानकारी दे दी गई थी, अब कब तक इसके दुरुस्त होने में समय लगेगा यह बताना मुश्किल है।