चित्रकूट। दिल्ली के एएसआई जयभगवान हत्याकांड मामले में पुलिस दो लोगों से पूछतांछ में जुटी है। सूत्रों की मानी जाए तो पुलिस ने एक अन्य आरोपी फूलचंद्र को भी गिरफ्तार करने में कामयाबी पा ली है पर अभी इसका खुलासा नहीं किया जा रहा।
गुरुवार की रात बहिलपुरवा थाने के छोटी बिलहरी गांव में दिल्ली के बेगमपुर आउटर में तैनात एएसआई जयभगवान शर्मा पुत्र केवलराम शर्मा निवासी निठारी की तब हत्या कर दी गई थी, जब वह वहां सिपाही गौरीशेखर, सेठ मुकेश गर्ग, मुकेश के पिता वेदप्रकाश और एक अन्य के साथ दिल्ली से भागे चोर प्रेमचंद्र यादव को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। मामले की रिपोर्ट गौरीशेखर ने रमेश, प्रेमचंद्र, उसके भाई फूलचंद्र और एक अन्य युवक रमेश के खिलाफ लिखाई है। पुलिस ने दोनों रमेश को कल ही गिरफ्तार कर लिया था। बताया जाता है कि रमेश का भाई फूलचंद्र आपराधिक किस्म का है और उसका उसके गांव के ही दस्यु गौरी यादव से संबंध है। बताया जाता है कि पुलिस को शुरुआती जांच में जो तथ्य हाथ लगे हैं उनसे पता चला है कि जयभगवान को गोली तमंचे से नहीं बल्कि रायफल से मारी गई और इस तरह की रायफल कभी दस्यु खड़ग सिंह के पास थी। खड़ग सिंह के गिरोह में रह चुके गौरी के इनसे संबंध रहने की भी चर्चा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को ही नयागांव पुलिस ने फूलचंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है पर अभी इसका खुलासा नहीं किया जा रहा। यह भी माना जा रहा है कि भाई के लिए फूलचंद्र ने ही गिरोह के साथ मिलकर एएसआई की जान ली है। एसपी केबी सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच को दी गई है और एसआई अशोक मिश्रा के नेतृत्व में जांच चल रही है। एसओ मानिकपुर, एसओ बहिलपुरवा, एसओ मारकुंडी और एसओ मऊ की अगुवाई में टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।