फोटो- 30 सीकेटीपी- 8 व 8(आर) परिचय- पाठा क्षेत्र के निहीचिरैया भाटापुरवा के पास नाले के रास्ते में जलभराव से होकर स्कूल जाते छात्र-छात्राएं।
नाले के रास्ते जलभराव में फिसले छात्र, पुलिस ने बचाया
कांबिंग कर लौट रहे थानाध्यक्ष की पड़ी नजर तो ग्रामीणों के साथ राहत कार्य में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
मानिकपुर। थानाक्षेत्र के गांव निहि चिरैया भाटापुरवा में सूखे नाले में जलभराव के बाद वहां से होकर स्कूल जा रहे छात्र अचानक पानी में गिर पड़े। ज्यादा पानी होने से छात्र बहाव के साथ बहने लगे तो पीछे मौजूद अन्य छात्रों ने चीखकर मदद की गुहार लगाई। ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस टीम भी आ गई। सभी ने मिलकर पांचों छात्रों को सही सलामत बचा लिया।
निही चिरैया गांव के पास स्थित छुल्लिहा घाट में बना पुल दो साल पहले टूट गया है। सोमवार की सुबह बारिश थमने के बाद गोबरहाई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय जा रहे छात्र- छात्राएं उफनाए नाले के पास से जा रहे थे। बीती रात तेज बारिश होने से नाले का जल स्तर बढ़ गया है। पानी से गुजरते समय अचानक पैर फिसलने से पांच बच्चे पानी में गिर गए। तेज बहाव के कारण सभी फंस कर डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर क्षेत्रीय लोग वहां पहुंच गए। उसी समय मानिक पुर थानाध्यक्ष केपी दुबे जंगल से कांबिंग कर लौट रहे थे। जब उनकी नजर डूब रहे छात्र- छात्राओं पर पड़ी तो वह पुलिस जवानों के साथ नाले में उतर गए। डूब रहे छात्र- छात्राएं गुुड़िया (8) पुत्री रामेकश, रवि (6) पुत्र शिव प्रकाश, अंजना (9) बालकेश, विकास (7) पुत्र पूरन व अनुज (5) पुत्र बालकेश को बचा लिया गया। सभी छात्र-छात्राएं निहि ग्राम पंचायत के भाटपुरवा निवासी हैं और सभी स्वस्थ हैं। थानाध्यक्ष केपी दुबे ने बताया कि ग्रामीणों की मौजूदगी पर जानकारी मिली तो पूरी टीम ने बच्चों को बचाने में मदद की। बारिश के कारण सूखे नाले में जलभराव हो गया है। जिसे पार करते समय अचानक फिसलने से बच्चे गिर गए थे।