ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद की बची सीटों पर रविवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। प्रधान पद के लिए 73 व सदस्य पद के लिए 62 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 23 फरवरी को होगी।
60 ग्राम पंचायत सदस्य व एक प्रधान पद के लिए मतदान के बाद एक सैकड़ा से अधिक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला रविवार को मतपेटी में बंद हो गया। सुबह आठ बजे से सदर ब्लाक समेत मऊ, रामनगर, मानिकपुर व पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र में उपचुनाव हुए। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ।
अपर जिलाधिकारी महेश चंद्र शर्मा समेत एसडीएम रजनीश मिश्रा, राममूर्ति त्रिपाठी, रामसकल मौर्य और सीपी उपाध्याय ने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सदर ब्लाक में 63.99, मऊ में 59.74, मानिकपुर में 61.29, रामनगर में 59.47 व पहाड़ी में 68.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
उपचुनाव का कड़ा मुकाबला मऊ के सुरौंधा गांव में था। जहां पिछले चुनाव में जीते प्रधान की मृत्यु होने पर दो प्रत्याशी मैदान में थे। मऊ प्रतिनिधि के अनुसार कुल 1142 मतदाताओं में 830 मत पड़े और 72.67 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान सीओ बैजनाथ व एसआई राजेश मिश्रा मतदान स्थल पर मौजूद रहे।
उपचुनाव की तैयारियाें में प्रशासन कमजोर दिखा। सभी मतदान केंद्रों में रखी मतपेटियों में ग्राम पंचायत सदस्य की जगह ग्राम प्रधान या क्षेत्र पंचायत सदस्य ही लिखा नजर आया। कुछ स्थानों पर जरूर ग्राम पंचायत सदस्य की पर्ची मतपेटी में चस्पा मिलीं। इस चुनाव में सुरौंधा को छोड़कर अन्य स्थानों पर मतदाताओं में ज्यादा उत्साह नहीं दिखा।